
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा महिला स्वास्थ्य एवं जागरूकता को समर्पित “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” का शुभारंभ सेंट्रल अस्पताल ऑडिटोरियम, गार्डनरीच में किया गया। इस अवसर पर दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक, प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक सहित सभी विभागों के प्रधान प्रमुख भी शामिल हुए।
अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को केंद्र में रखकर निवारक, प्रोत्साहक और उपचारात्मक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना है। इसमें गैर संक्रामक रोग, एनीमिया, तपेदिक और सिकल सेल रोग की प्रारंभिक पहचान व उपचार को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही गर्भावस्था, बच्चों और किशोरों के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए टीकाकरण, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता और जीवनशैली से जुड़ी जागरूकता गतिविधियाँ चलाई जाएंगी।
अभियान के तहत 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, महिला स्वच्छता कार्यकर्ताओं के स्वास्थ्य जांच शिविर, कामकाजी महिलाओं के लिए कैंसर व टीबी स्क्रीनिंग, किशोर स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम, मासिक धर्म स्वच्छता व एएनसी जांच, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर पर जागरूकता, मल्ट्रीस्पेशलिटी स्वास्थ्य जांच शिविर और आदिवासी क्षेत्रों में सिकल सेल स्क्रीनिंग शिविर प्रमुख हैं।
दक्षिण पूर्व रेलवे ने इस अवसर पर पुनः संकल्प लिया कि “स्वस्थ महिलाएँ ही सशक्त परिवार और प्रगतिशील राष्ट्र की नींव हैं।”

