
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर की बड़ी खेप के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 119 पुड़िया ब्राउन शुगर, एक सफेद कार, बैंक दस्तावेज और कई मोबाइल बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर दोपहर लगभग 2:30 बजे गुप्त सूचना मिली कि संत रोबर्ट स्कूल के पीछे मैदान में ब्राउन शुगर की खरीद- बिक्री एक सफेद कार में की जा रही है। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापामारी दल गठित किया गया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांच आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में अरविंद कुमार शर्मा उर्फ कैडी, हनी स्यांसी, मोहम्मद समीर, मोहम्मद सब्बीर हुसैन और मोहम्मद तौफिक आलम शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इनके कब्जे से 119 पुड़िया ब्राउन शुगर, हुंडई कंपनी की सफेद कार, 12 चेकबुक, तीन पासबुक, एक क्रेडिट कार्ड, नौ क्यूआर कोड और चार मोबाइल बरामद किए गए हैं।
अधिकारीयों ने बताया कि इन आरोपियों के बैंक खातों से लाखों रुपये के लेन-देन का पता चला है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत परसुडीह थाना में मामला दर्ज किया है। इसके अलावा, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की भी पहचान की जा रही है। फिलहाल, उनकी गिरफ्तारी के लिए व्यापक स्तर पर छापेमारी अभियान जारी है। सिटी एसपी ने बताया कि इस गिरोह का नेटवर्क बेहद संगठित है और शहर में ड्रग तस्करी की रोकथाम के लिए कार्रवाई तेज की जा रही है।

