उदित वाणी, जमशेदपुर: आदित्यपुर क्षेत्र में रुक-रुक कर लगातार हो रही बारिश के कारण दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियां भी प्रभावित हुई हैं। परिणामस्वरूप सार्वजनिक दुर्गा पूजा महोत्सव के आयोजकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण प्रायः अधिकांश सार्वजनिक दुर्गा पूजा स्थल और उसके आस-पास के रास्तों पर जल जमाव और कीचड़नुमा स्थिति उत्पन्न हो गई है। कहीं मोटर पंप की मदद से पूजा पंडाल स्थल पर जल जमाव की समस्या दूर करने का प्रयास किया जा रहा है, और कहीं बारिश से गीली हुई पूजा पंडाल की भूमि को सुखाने के लिए अन्य उपाय किए जा रहे हैं।
वहीं, दुर्गा पूजा महोत्सव में अपने मेला के लिए प्रसिद्ध और आम लोगों को आकर्षित करने वाला आदित्यपुर का फुटबॉल मैदान आज संध्या समय पूर्णतः जलमग्न दिखा। पूरे मैदान में कीचड़ भी देखने को मिला, साथ ही वहां फिसलन की समस्या भी देखने को मिली। हालांकि रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद वहां मेला में हाइड्रोलिक आदि की मदद से झूला आदि लगाने का काम भी होता दिखा, परन्तु बारिश के कारण कार्य में काफी दिक्कतें भी हो रही थीं।


