उदित वाणी, जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित चाणक्यपुरी में 12 सितंबर को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब 25 वर्षीय स्नेहा कुमारी ने झगड़े के बाद खुद को आग लगा ली। स्नेहा की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे इलाज के लिए टीएमएच (टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल) में भर्ती किया गया है। पुलिस ने घायल स्नेहा का बयान दर्ज कर बिहार के कैमूर निवासी कृष्णा सिंह उर्फ शिवम सिंह और उसकी पत्नी अनिता के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, स्नेहा ने बयान में बताया कि उसका कथित पति शुभम सिंह ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर धोखे में रखा। बाद में पता चला कि शुभम सिंह पहले से शादीशुदा था। जब स्नेहा ने शादी से इंकार किया, तो आरोपी ने उसे धमकाकर जबरन शादी कर भाड़े पर रखा और लगातार शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना दी। स्नेहा ने यह भी बताया कि उसने पहले धनबाद के थाना में इस बाबत शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
स्नेहा के अनुसार, कृष्णा सिंह और उसकी पत्नी अनिता लगातार उसे बदनाम करने की धमकी देते थे और प्रताड़ित करते थे। इसके बाद झगड़ा इतना बढ़ गया कि स्नेहा ने आत्मदाह का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कृष्णा सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अनिता की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि सभी पहलुओं का खुलासा किया जा सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों में चिंता की लहर दौड़ गई है। स्नेहा का इलाज जारी है, और पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।


