
उदित वाणी, जमशेदपुर : मंगलवार की दोपहर मानगो पुल पर अचानक अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती बाइक में आग लग गई। घटना में बाइक चालक विवेक, जो मानगो स्थित मून सिटी का निवासी है, बाल-बाल बच गया। विवेक अपने घर से साकची किसी निजी कार्य से जा रहा था। जैसे ही वह मानगो पुल पर पहुंचा, उसकी बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा।
विवेक ने स्थिति को समझते हुए तुरंत वाहन रोक दिया और पास से पानी लाने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही बाइक में आग फैल गई। देखते ही देखते बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना के समय पुल पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे, जिन्होंने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। यह दृश्य देखते ही देखते सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया।
घटना के कारण पुल पर कुछ समय के लिए भारी जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे, क्योंकि बाइक में आग लगने के बाद उसके फटने की आशंका भी बनी हुई थी। हालांकि, राहत की बात रही कि विवेक सुरक्षित रहा और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक में अचानक चिंगारी और धुआं निकलना शुरू हो गया था। स्थानीय लोग तुरंत ट्रैफिक पुलिस को सूचना दी। कुछ ही मिनटों में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। प्रारंभिक संभावना जताई जा रही है कि यह आग शॉर्ट सर्किट या पेट्रोल लीकेज के कारण लगी हो सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पुराने वाहनों की नियमित सर्विसिंग न कराने से इस प्रकार की घटनाएं हो सकती हैं। पेट्रोल की छोटी-सी लीकेज या वायरिंग में खराबी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
इस घटना ने एक बार फिर वाहन चालकों के लिए सतर्क रहने का संदेश दिया है। पुलिस ने यातायात को सामान्य किया और करीब आधे घंटे तक चले जाम को हटवाया। फिलहाल, विवेक सुरक्षित है और मामले की जांच जारी है।

