
उदित वाणी, जमशेदपुर : अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच एवं मंच की जमशेदपुर शाखा द्वारा 2 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में अनेक जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की गईं. कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था. मंच के सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी कर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया.

विद्यालयों में स्वच्छता शपथ
10 अक्टूबर को गोलमुरी स्थित हेमकुंड पब्लिक स्कूल में कक्षा चार के बच्चों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई. बच्चों ने प्रतिज्ञा ली कि वे अपने विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखेंगे तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे.
सार्वजनिक स्थलों की सफाई अभियान
11 से 15 अक्टूबर के बीच शहर के चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाया गया. सफाई कर्मियों और मंच के स्वयंसेवकों ने समाज के लोगों को स्वच्छता के सामाजिक दायित्व की जानकारी दी और संदेश दिया कि स्वच्छता केवल एक व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि समाज की जिम्मेदारी है.
प्लास्टिक मुक्त अभियान
स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत सब्जी बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों में प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता फैलाई गई. इस दौरान कपड़े और जूट के थैले मुफ्त वितरित किए गए तथा लोगों से प्लास्टिक बैग का उपयोग बंद करने की अपील की गई.
“स्वच्छता हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है”
कार्यक्रम संयोजक युवा उत्सव अग्रवाल (पर्यावरण एवं स्वच्छता संरक्षण प्रकल्प) ने बताया कि मंच का ध्येय सिर्फ सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में स्वच्छता को जन-आंदोलन के रूप में विकसित करना है. सह-सचिव युवा उत्तम शर्मा ने कहा कि मंच हर वर्ष इस प्रकार के अभियानों के जरिए नागरिकों को जिम्मेदार बनाने की दिशा में कार्य करता रहेगा.

