
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के कुंवर बस्ती में रविवार सुबह बच्चा चोरी की आशंका को लेकर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने दो महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार कुंवर बस्ती निवासी बालेश्वर बेरा अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान सुबह के समय दो महिलाएं उनके घर में घुस गईं। बालेश्वर बेरा का आरोप है कि दोनों महिलाएं उनके बच्चे को उठाकर ले जाने की कोशिश कर रही थीं। इसी बीच उनकी नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचाते हुए दोनों महिलाओं को पकड़ लिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई। लोगों ने बच्चा चोरी के शक में दोनों महिलाओं की पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिलाएं बच्चे को उठाने की नीयत से घर में घुसी थीं या किसी अन्य कारण से वहां पहुंची थीं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

