
उदित वाणी, आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां (Saraikela-Kharsawan) जिला की नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक (SP) निधि द्विवेदी ने आज जियाडा भवन, आदित्यपुर (JIADA Bhawan Adityapur) स्थित शिविर कार्यालय में आम लोगों और फरियादियों से मुलाकात की. एसपी ने जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और ऑन द स्पॉट (On the spot) प्राप्त समस्याओं का त्वरित समाधान करने का कड़ा निर्देश दिया. पहले दिन आयोजित इस पुलिस अधीक्षक के जनता दरबार में दो दर्जन से अधिक विभिन्न मामले सामने आए. एसपी निधि द्विवेदी ने बेहद संवेदनशीलता के साथ सभी फरियादियों की शिकायतों को सुना और संबंधित थाना प्रभारियों व पुलिस अधिकारियों को त्वरित जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विजन को धरातल पर उतारने का प्रयास
जियाडा शिविर कार्यालय में मीडिया और जनता से संवाद करते हुए पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का स्पष्ट निर्देश है कि पुलिस प्रशासन की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक होनी चाहिए. उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री जी का सपना है कि कानून-व्यवस्था पर हर नागरिक का भरोसा मजबूत हो, और आज से मैंने उनके इसी विजन को धरातल पर उतारने का प्रयास शुरू कर दिया है.”
औद्योगिक क्षेत्र आदित्यपुर को दी प्राथमिकता, अब हर शनिवार बैठेंगी एसपी
एसपी निधि द्विवेदी ने आदित्यपुर के व्यावसायिक महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि जिला का सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र आदित्यपुर का औद्योगिक जोन (Adityapur Industrial Area) है, जहां लगभग 2,000 छोटी-बड़ी औद्योगिक इकाईयाँ कार्यरत हैं. इसी व्यवसायिक और रणनीतिक महत्व को देखते हुए उन्होंने जियाडा कार्यालय में बैठकर आम जनता और उद्यमियों की समस्याएं सीधे सुनने का निर्णय लिया है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व पुलिस अधिकारी भी इस कार्यालय का उपयोग जन संवाद के लिए करते रहे हैं. वर्तमान समय की व्यवस्था के अनुसार वह सप्ताह में एक दिन (शनिवार) यहां शिविर कार्यालय में जनता के लिए उपलब्ध रहेंगी. परन्तु भविष्य में अगर स्थानीय जनता, उद्यमियों और फरियादियों की मांग बढ़ती है, तो इसे बढ़ाकर सप्ताह में दो दिन भी कर दिया जाएगा.

