
उदित वाणी, गिरिडीह: गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भरकट्ठा ओपी क्षेत्र अंतर्गत केशोडीह पंचायत के सिरमाडीह गांव में एक पति ने अपनी अधेड़ पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देने के लिए टाइल्स और मार्बल काटने में इस्तेमाल होने वाली ग्राइंडर मशीन का उपयोग किए जाने की बात सामने आई है। घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है, जबकि इसकी जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को रविवार सुबह मिली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतका की पहचान 55 वर्षीय कुर्सी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह दिव्यांग थीं और पिछले कई वर्षों से अपने पति दौलत साव के साथ सिरमाडीह गांव में रह रही थीं। ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। दोनों के संबंध सामान्य नहीं थे और अक्सर किसी न किसी बात को लेकर कहासुनी होती रहती थी। इसी विवाद ने शनिवार की शाम हिंसक रूप ले लिया और दौलत साव ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया। गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद उन्होंने सरिया-बगोदर एसडीपीओ धनंजय कुमार को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निर्देश मिलते ही बिरनी थाना एवं भरकट्ठा ओपी की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति दौलत साव को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस मृतका की बहू समेत परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।
घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। प्रखंड प्रमुख रामू बैठा और उपप्रमुख शेखर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा परिजनों से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली। दोनों जनप्रतिनिधियों ने इस जघन्य हत्या की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि समाज में इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और ऐसे अपराधियों को कानून के तहत कठोर सजा मिलनी चाहिए।
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि मामला कथित अवैध संबंधों से जुड़ा हो सकता है। हालांकि पुलिस अभी इस संबंध में कोई स्पष्ट निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। सरिया-बगोदर एसडीपीओ धनंजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति द्वारा पत्नी की निर्मम हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। हत्या के पीछे अवैध संबंध, पारिवारिक विवाद या कोई अन्य कारण है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी दौलत साव समेत दो लोगों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की संभावना है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे बिरनी क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश और भय का माहौल है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर मामले की सच्चाई सामने लाने में जुटी हुई है।

