
उदित वाणी जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के उलियान रोड स्थित कृष्णा कॉम्पलेक्स की रहने वाली बबली गोराई ने अपनी नौकरानी पर लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने का आरोप लगाते हुए कदमा थाना में मामला दर्ज कराया है। आरोपित नौकरानी का नाम बॉबी बताया गया है, लेकिन वह कहां की रहने वाली है, इस बारे में किसी को भी जानकारी नहीं है।
घटना 3 अक्टूबर से 12 अक्टूबर के बीच की बताई जा रही है, जबकि मामला 15 अक्टूबर को थाने पहुंचा। बबली गोराई के अनुसार, घर के अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर अचानक गायब हो गए। काफी खोजबीन के बाद भी जेवर नहीं मिले तो शक नौकरानी बॉबी पर गया, जो घटना के बाद से फरार है।
सूचना मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर के अन्य सदस्यों से पूछताछ की और आस-पड़ोस के लोगों से भी जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पता चला कि बॉबी कुछ महीने पहले ही उक्त मकान में काम करने आई थी और इस दौरान उसने घरवालों का भरोसा जीत लिया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस नौकरानी बॉबी की तलाश में जुटी है। चोरी गए जेवरात की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस नौकरानी के पुराने पते और संपर्क सूत्रों का पता लगाने का प्रयास कर रही है ताकि उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
फिलहाल पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में उसकी तस्वीर और हुलिया साझा कर खोज तेज कर दी है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
