उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में एक बार फिर बाइक सवार बदमाशों ने चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की चिंता बढ़ा दी है. मंगलवार को उलियान स्थित विद्यासागर पथ में मधुसूदन अपार्टमेंट के समीप दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की चेन छीन ली गयी.
जानकारी के अनुसार अपार्टमेंट निवासी उत्पल कुमार दत्ता की पत्नी किसी जरूरी काम से बाहर गयी थीं. घर लौटने के दौरान जैसे ही वह अपार्टमेंट गेट के पास पहुंचीं, तभी बाइक पर सवार दो युवक तेजी से उनके करीब आए. पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए. घटना इतनी अचानक हुई कि महिला कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे.
घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की. पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और अपराधियों की पहचान के लिए विशेष टीम जुटी हुई है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व भी कदमा इलाके में इसी तरह बाइक सवार बदमाशों ने महिला से चेन छीन ली थी. उस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिसमें चोरी की चेन गलाकर अंगूठी बनाने वाला एक सोनार भी शामिल था. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है.


