
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी एरोड्रम मोड़ के पास शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे ठगी की एक कोशिश सामने आई, जहां बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक व्यक्ति को निशाना बनाया। कदमा रामनगर निवासी मनोज कुमार स्कूटी से बच्चों को लेने जा रहे थे, तभी तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया।
युवकों ने जांच का हवाला देते हुए पहले स्कूटी की डिक्की खुलवाई और फिर मनोज के पहने जेवरों पर सवाल उठाने लगे। खुद को असली पुलिस साबित करने के लिए उन्होंने आईकार्ड भी दिखाया, जिससे मनोज कुछ समय के लिए उनके झांसे में आ गए। इसके बाद आरोपियों ने जेवर को “सुरक्षित रखने” के नाम पर कागज में लपेटने को कहा और इसी दौरान अदला-बदली की कोशिश की।
हालांकि, उनकी हरकतों से मनोज को शक हो गया। उन्होंने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए विरोध किया और शोर मचाना शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

