
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.)ः दिन्दली बस्ती, आदित्यपुर में बीती रात ऑडर का खाना पहुँचाने गये डिलीवरी ब्वॉय की पिटाई करने की बात सामने आई है. घटना में डिलीवरी ब्वॉय विजय बहादुर का मोबाईल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया है. वहीं, दूसरे पक्ष दिन्दली बस्ती निवासी सुकान्त मंडल ने भी डिलीवरी ब्वॉय के उपर मारपीट करने का आरोप लगाया है. इस संबंध में उभयपक्षों के द्वारा आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है. वहीं, आदित्यपुर पुलिस के द्वारा इस मामले में अनुसंधान शुरु कर दिया गया है. और पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को थाना में बैठाकर पूछताछ की जा रही है. जानकारी के अनुसार, बीती रात दिन्दली बस्ती के सुकान्त मंडल ने स्विगी से खाना का ऑर्डर किया था. परन्तु स्विगी के डिलीवरी ब्वॉय के पहुँचने से पहले जोमैटो का डिलीवरी ब्वॉय विजय बहादुर (शाóीनगर, कदमा निवासी) खाना लेकर वहाँ पहुँच गया तथा सुकान्त ने उससे खाना का पैकेट भी प्राप्त कर लिया. वहीं, जोमैटो के मूल ऑडरकर्ता ने जब श्री बहादुर को खाना का पैकेट नहीं मिलने की बात कही, तब वह वापस सुशाँत के पास पहुँचा तथा खाना का पैकेट वापस माँगा. इसको लेकर उनके बीच विवाद होने लगा. और फिर उसके बाद मारपीट शुरु हो गई. मारपीट की इस घटना में डिलीवरी ब्वॉय तथा उनका पुत्र राज और दो मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं, सुशाँत मंडल व उसके भाई सुकांत मंडल को भी चोटें आई है.

