उदित वाणी, जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक जमशेदपुर के निर्देश पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोलमुरी एवं कपाली थाना क्षेत्र में सक्रिय अपराधी मो० साहिल उर्फ राजा (20) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, एसएसपी के आदेश पर पुलिस अधीक्षक नगर ने पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में टेल्को एवं गोलमुरी थाना की संयुक्त टीम गठित की थी। टीम को गुप्त सूचना मिली कि मो० साहिल उर्फ राजा गोलमुरी गड्ढा स्कूल के पास दुईलाहुँगरी क्षेत्र में किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से पहुंचा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छापामारी दल ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मो० साहिल ने अपने पास हथियार रखने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बारीनगर स्थित उसके किराए के मकान से एक 12 बोर का देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक धारदार चापड़ बरामद किया। जब्त हथियारों को विधिवत सील कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए टेल्को थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मो० साहिल उर्फ राजा के खिलाफ पूर्व में गोलमुरी थाना क्षेत्र में लूट, मारपीट और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े 9 मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगेगा। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और पुलिस उससे जुड़े नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।


