उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा में लखीचरण सिंह और सुनील सिंह नामक दो भाई अपनी जमीन की मापी कराने गए थे। बुधवार की दोपहर करीब 20-25 दबंग अचानक उनकी जमीन पर मापी कार्य कर रहे थे। जब दोनों भाइयों ने इसका विरोध किया, तो मनोज बोदरा और नारायण श्रीवास्तव ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों के सिर गंभीर रूप से फट गए, जिससे वे खून से लथपथ हो गए।
घटना के बाद घायल अवस्था में लखीचरण सिंह व सुनील सिंह एमजीएम थाना पहुंचे, लेकिन वहां के पुलिस कर्मियों ने कोई केस दर्ज नहीं किया। इसके बावजूद उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, परंतु पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मजबूरन दोनों भाइयों को गुरुवार को एसएसपी कार्यालय जाकर शिकायत सौंपनी पड़ी। उन्होंने एसएसपी के समक्ष बताया कि जब वे अपनी जमीन के कागजात लेकर थाने पर पहुंचे थे, तब भी पुलिस ने कोई केस दर्ज नहीं किया।
आवेदन में लखीचरण सिंह ने आरोप लगाया कि मनोज बोदरा और नारायण श्रीवास्तव दबंग व्यक्तित्व के लोग हैं और उनकी ओर से लगातार धमकियां दी जा रही हैं। पीड़ित परिवार ने यह भी कहा कि उन्हें अपने और अपने परिवार की जान का भी खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने एसएसपी से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है ताकि आरोपियों को न्याय के कटघरे में लाया जा सके। एसएसपी कार्यालय में आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच प्रक्रिया तेज कर दी गई है।


