
उदित वाणी, जमशेदपुर : चांडिल थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म की भयावह घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, आदिम जनजाति परिवार की बच्ची घर से जंगल की ओर कुछ काम से गयी थी। इसी दौरान गांव के ही कुछ युवकों ने उसे जबरन दबोच लिया और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद बच्ची बेहोश होकर जंगल में ही पड़ी रही।
जब बच्ची लंबे समय तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और उसे जंगल में अचेत अवस्था में पाया। तत्काल परिजनों ने उसे चिलगू के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल पीड़िता का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि सोमवार दोपहर सूचना मिली थी कि आदिम जनजाति परिवार की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना घटी है। सूचना के आधार पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ही दो युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे सख्ती से पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि पीड़िता और उसके परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। साथ ही अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

