
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी क्षेत्र में रंगदारी विवाद को लेकर चाइना चापड़ से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जमशेदपुर के आजाद नगर थाना अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-15 का निवासी है, जिसे चाईबासा बाल गृह भेज दिया गया है।
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि घटना 15 सितंबर की रात करीब 8 बजे वार्ड संख्या-21 खड़ीया कोचा में हुई थी। आरोपियों ने रंगदारी की मांग की, जिसका विरोध करने पर 30 वर्षीय मुजाहिद हुसैन अंसारी पर चाइना चापड़ से हमला कर दिया गया। हमले में मुजाहिद के सिर पर गंभीर चोट लगी। घायल को स्थानीय लोगों की मदद से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

