
उदित वाणी,जमशेदपुर: लौहनगरी के बिरसानगर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं. चोरों ने बिरसानगर जोन नंबर तीन, हरि मंदिर के पास रहने वाले सुरेश गोप के घर को निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवालिया निशान लगा दिया है.
वारदात का तरीका: ‘स्प्रे’ का इस्तेमाल कर परिवार को किया बेहोश?
पीड़ित सुरेश गोप के अनुसार, चोर देर रात घर में दाखिल हुए. आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने घर के सदस्यों पर किसी नशीले स्प्रे का इस्तेमाल किया था, जिसके कारण अलमारी टूटने के बावजूद किसी की नींद नहीं खुली. घटना का खुलासा तब हुआ जब देर रात घर की एक महिला सदस्य की आंख खुली और उन्होंने अलमारी का ताला टूटा हुआ पाया.
3 मई को है शादी, घर में मातम जैसा सन्नाटा
पीड़ित परिवार ने बताया कि घर में 3 मई को भतीजी की शादी होने वाली है. शादी की तैयारियों के लिए ही घर में नकदी और जेवर रखे गए थे. चोरों ने अलमारी से: 75,000 रुपये नकद करीब 2 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चुरा लिए हैं. शादी के ऐन पहले हुई इस घटना से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने के बाद बिरसानगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके. सुरेश गोप ने थाने में आधिकारिक मामला दर्ज कराया है. इस चोरी के बाद स्थानीय निवासियों में भारी डर और आक्रोश देखा जा रहा है.

