उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के एमई स्कूल रोड में शुक्रवार देर रात एक कारोबारी द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय देवानंद विश्वकर्मा के रूप में हुई है। घटना के वक्त उनकी बेटी घर में मौजूद थी।
जानकारी के मुताबिक, देर रात बेटी ने अपने पिता को घर के अंदर फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखते ही वह घबरा गई और शोर मचाकर परिजनों व आसपास के लोगों को सूचना दी। आनन-फानन में पड़ोसियों और परिवार के सदस्यों की मदद से देवानंद को फंदे से नीचे उतारा गया और इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि देवानंद विश्वकर्मा व्यवसाय से जुड़े हुए थे। साथ ही, उन्हें नशे की लत भी थी। हालांकि, उन्होंने इतना बड़ा कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आ सका है।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। खासकर बेटी की हालत बेहद खराब बताई जा रही है, जिसने सबसे पहले अपने पिता को उस हालत में देखा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया पूरी की गई।


