
उदित वाणी जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र में अपराध की एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एलबीएसएम कॉलेज रोड निवासी शुभम कुमार पर अज्ञात अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया। यह वारदात लाल बिल्डिंग मेन रोड पर उस वक्त हुई, जब शुभम अपने चाचा अनुप सोनी के साथ बाइक से ड्यूटी के लिए जा रहा था।
पीड़ित के अनुसार, शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच पीछे से आए बदमाशों ने अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने शॉकर जैसे हथियार से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को और भयावह बनाते हुए बदमाशों ने पिस्टल लहराकर उसे जान से मारने की धमकी दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
हमले में शुभम के सिर, पीठ और गले पर गंभीर चोटें आई हैं। अपराधियों ने मौके का फायदा उठाकर उसकी जेब से 300 से 400 रुपये भी छीन लिए और फरार हो गए।
घायल अवस्था में स्थानीय लोगों ने शुभम को तुरंत बागबेड़ा थाना पहुंचाया, जहां से पुलिस ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। इलाज में देरी और गंभीर चोटों को देखते हुए पीड़ित ने 16 अप्रैल को लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने व अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

