उदित वाणी, जमशेदपुर : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के राजलाबांध गांव में शादी का झांसा देकर युवती के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सुबोध मुंडा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता इसी साल 10 मार्च को सुबोध के संपर्क में आई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने युवती को शादी का प्रस्ताव देकर विश्वास में लिया। आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए सुबोध ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब युवती ने शादी के लिए दबाव डाला तो आरोपी मुकर गया और संबंध तोड़ लिया।
आरोपित के खिलाफ पीड़िता ने बहरागोड़ा थाना में यौन शोषण का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश तेज कर दी है। बहरागोड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पीड़िताओं को न्याय मिल सके और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी हो उसको कठोर सजा मिले।


