
जमशेदपुर: झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (JPSC) की परीक्षा में शामिल होने के लिए दूर-दराज से आए अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा हेतु ह्यूमन वेलफेयर ट्रस्ट ने एक सराहनीय पहल की है। ट्रस्ट के सचिव मुख्तार आलम खान की अगुवाई में रविवार को शहर में विशेष सहायता शिविर का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए लगाए गए इस शिविर की करीम सिटी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रियाज ने भी प्रशंसा की।
ठंडा पानी, चना-गुड़ और शरबत की व्यवस्था
मुख्तार आलम खान ने बताया कि इस सेवा शिविर का आयोजन नागालैंड सैनिक स्कूल के प्रिंसिपल कानू बर्मन और करिमिया ट्रस्ट के सचिव डॉ. मोहम्मद ज़कारिया के सहयोग से सफल हो सका। शिविर में विद्यार्थियों के लिए ठंडा पानी, चना-गुड़ और शरबत की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे चिलचिलाती धूप में परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों को काफी मानसिक और शारीरिक राहत मिली।
निजी वाहनों से सेंटर तक पहुँचाए गए छात्र
ट्रस्ट के सदस्य सोहैल अख्तर अंसारी और डॉ. ताहिर हुसैन ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए अपने निजी वाहनों के माध्यम से विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुँचाया। यह उन छात्रों के लिए संजीवनी साबित हुआ जो शहर के रास्तों से अनजान थे और परीक्षा के तनाव में थे। इस दौरान एसआईएस की गार्ड सुनीता कुमारी ने भी ट्रस्ट के कार्यों से प्रभावित होकर सामाजिक सेवा से जुड़ने की इच्छा जताई।
इन प्रमुख लोगों का रहा योगदान
इस पुनीत कार्य में भारत बेकरी के मोहम्मद ताहिर, समाजसेवी अन्नू, हाजी अज़ीज़ हसनैन, मीडिया इंचार्ज शाजिद परवेज, मोहम्मद मोइनुद्दीन अंसारी, शाहिद परवेज, मास्टर खुर्शीद अहमद खान, सिडीक अली, मोहम्मद अली और दुर्गा शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ह्यूमन वेलफेयर ट्रस्ट की इस पहल की जमशेदपुर में चहुंओर सराहना हो रही है।

