
उदित वाणी, जमशेदपुर: एलबीएसएम कॉलेज में इतिहास विभाग की ओर से बुधवार को व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया, जिसका विषय भारतीय अंक पद्धति एवं गणित था. इसकी अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ने की.
मुख्यवक्ता के रूप में प्रो. रवि शंकर राय ने अपना व्याख्यान दिया. प्राचार्य डॉ. एके झा ने कहा कि प्राचीन भारत का इतिहास मात्र राजाओं या उनकी नीतियों का इतिहास नहीं रहा, बल्कि इसके ज्ञान-विज्ञान का भी इतिहास रहा है. मुख्यवक्ता प्रो. रवि शंकर राय ने भारतीय अंक प्रणाली की उत्पत्ति एवं गणित के मध्य के संबंध को स्पष्ट किया.
उन्होंने ने बताया कि सिन्धु सभ्यता के दौरान सड़कों का समकोण में कटना, एक निश्चित अनुपात में ईंटों का निर्माण आदि भारतियों के अंक ज्ञान का ज्वलंत उदहारण है. संभवतः सिन्धु सभ्यता के लोगों को शून्य एवं उसके प्रयोग का ज्ञान था. मंच का संचालन डॉ. नूपुर रॉय ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रो. मोहन साहू ने किया.

