
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ नेता पुतकर हेंब्रम का निधन कल रात लंबी बीमारी के बाद टीएमएच में हो गया था. आज बुधवार सुबह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुलवंत सिंह बंटी एवं पूर्व विधायक सह प्रदेश प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी श्रद्धांजलि देने वालों में मनोज सिंह, प्रदीप मुखर्जी आर एस एस के रविंद्र, अमित आदि शामिल थे.

बताते चलें कि पश्चिम सिंहभूम की चाईबासा विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक रहे पुत्कर हेंब्रम की चाईबासा स्थित आकाशवाणी कैंपस के पीछे आवास में तबीयत खराब हो गयी थी. इसके बाद उन्हें 25 मई को टीएमएच में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों ने इलाज के बाद बताया कि पुत्कर हेंब्रम को पैरालिसिस है. इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए टीएमएच के न्यूरो वार्ड में भर्ती कराया गया था. बुधवार की सुबह उनका पार्थिव शरीर पैतृक आवास हाटगम्हरिया थाना अंतर्गत सान मिरगीलिंडी ले जाया गया.

चाईबासा विधानसभा से पुत्कर हेंब्रम पहली बार 2005 में भाजपा की टिकट पर विधायक बने थे. उन्होंने कोल्हान के दिग्गज नेता रहे बागुन सुंब्रई के पुत्र हिटलर सुंब्रई को लगभग साढ़े पांच हजार मतों से पराजित किया था. इसके पूर्व पुत्कर हेंब्रम ने 1995 में चाईबासा विधान सभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था.
2010 के चुनाव में उनका टिकट काट कर पार्टी ने अन्य मनोज लियांगी को टिकट दे दिया था. उसके बाद फिर कभी भी पुत्कर हेंब्रम ने चुनाव नहीं लड़ा. पुत्कर हेंब्रम अपने पीछे दो पत्नियां, तीन पुत्र व एक पुत्री से भरा-पूरा परिवार छोड़ गये हैं. पुत्कर हेंब्रम वर्तमान में भाजपा एसटी मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति व स्वदेशी जागरण मंच की राष्ट्रीय कार्य समिति के सदस्य थे.

