
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीटू के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर गुरुवार को कोल्हान क्षेत्र के ठेका मजदूरों ने उत्तर भारत के जुझारू श्रमिक आंदोलन के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए ‘देशव्यापी कार्रवाई दिवस’ मनाया. कोल्हान में 100 से अधिक कार्यस्थलों पर ड्यूटी ब्रेक के दौरान विरोध प्रदर्शन और गेट मीटिंग आयोजित की गईं.
मजदूरों ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा की पुलिस बर्बरता, कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी तथा उन्हें बंधक बनाने की निंदा की. साथ ही नियोक्ताओं द्वारा फैलाए जा रहे झूठे प्रचार और ठेका मजदूरों के शोषण का भी कड़ा विरोध किया गया. टाटा स्टील के साकची गेट के सामने सीटू के राज्य और जिला नेतृत्व द्वारा आयोजित नुक्कड़ सभा में हजारों ठेका मजदूरों ने भाग लिया. सभा को संबोधित करते हुए सीटू नेताओं ने स्थानीय ठेकेदारों को चेतावनी दी कि वे ठेका श्रमिकों का अमानवीय शोषण तुरंत बंद करें.
वक्ताओं ने कहा कि काम के घंटे बढ़ाना, ओवरटाइम का भुगतान न करना, वैधानिक अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा की अनदेखी करना तथा यूनियन बनाने या मांगें उठाने पर दमन करना पूरी तरह अस्वीकार्य है. सीटू नेताओं ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा में हिरासत में लिए गए सभी श्रमिकों व कार्यकर्ताओं की बिना शर्त रिहाई, झूठे आरोपों को रद्द करने और सरकारी दमन को तुरंत बंद करने की मांग की.

