
उदित वाणी जमशेदपुर : दुर्गा पूजा के अवसर पर शहर में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। यह व्यवस्था रविवार 28 सितंबर से लागू होकर 2 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू रहे और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए कई मार्गों को वन-वे घोषित किया गया है और पंडालों तक पहुंचने के लिए विशेष मार्ग तय किए गए हैं।
मानगो–साकची मार्ग पर विशेष व्यवस्था
मानगो से साकची आने वाले ऑटो व छोटे वाहन बस स्टैंड चौक से सीधे पुराने एमजीएम अस्पताल, शीतला मंदिर होते हुए दिल्ली दरबार होटल के रास्ते गोलचक्कर तक जाएंगे। वहीं, साकची से मानगो जाने वाले वाहन बंगाल क्लब से ओल्ड कोर्ट मोड़, मेरिन ड्राइव मोड़ होते हुए पुराने पुल से जाएंगे। इन मार्गों को वन-वे रखा गया है ताकि आवागमन में टकराव न हो।
काशीडीह–बारीडीह क्षेत्र
साकची गोलचक्कर से भालुबासा, बारीडीह जाने वाले वाहनों के लिए स्ट्रेट माइल रोड और कुम्हारपाड़ा का रास्ता तय किया गया है। अगर भीड़ के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न होती है तो वैकल्पिक मार्ग बाराद्वारी सुपरवाइजर फ्लैट–एपेक्स अस्पताल–टेलीफोन एक्सचेंज से निकाला जाएगा।
काशीडीह पंडाल में आने वाले वाहनों के लिए डीएसएम स्कूल मैदान, ठाकुर प्यारा सिंह मैदान, जेएमसी मैदान और काशीडीह उच्च विद्यालय को पार्किंग स्थल बनाया गया है।
भुईयांडीह व गोलमुरी
मानगो से भुईयांडीह आने वाले वाहनों की पार्किंग श्मशान घाट से पहले खाली जगह में होगी। गोलमुरी और बर्मामाइंस से साकची आने वाले वाहनों की पार्किंग आरडी टाटा गोलचक्कर के पास 407 स्टैंड पर निर्धारित है।
बंगाल क्लब पूजा पंडाल के लिए आम बगान और जुबली पार्क गेट नंबर-1 पर पार्किंग की व्यवस्था है।
टेल्को–सिदगोड़ा–बारीडीह
टेल्को से आने वाले वाहनों को केरला समाज स्कूल और एनटीटीएफ परिसर में पार्क किया जाएगा। साबुज कल्याण संघ पंडाल के लिए तीन अलग-अलग पार्किंग जोन बनाए गए हैं। वहीं, शिव-पार्वती पूजा पंडाल के पास पेट्रोल पंप के बगल पार्किंग स्थल तय है।
बर्मामाइंस क्षेत्र
बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान में आने वाले वाहनों के लिए वीणा रोड और बीपीएम उच्च विद्यालय में पार्किंग की व्यवस्था है। रेलवे स्टेशन से ट्यूब गेट–टेल्को जाने वाले वाहनों को एकतरफा मार्ग से भेजा जाएगा।
कदमा–सोनारी
कदमा थाना से रानीकुदर पंडाल तक वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा। दोपहिया वाहनों की पार्किंग कदमा थाना मैदान और गणेश पूजा मैदान में होगी। सोनारी से कदमा आने वाले वाहन लिंक रोड का उपयोग करेंगे।
बिष्टुपुर–आदित्यपुर
खरकई का पुराना पुल वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। सभी वाहन नए पुल का इस्तेमाल करेंगे। आदित्यपुर की ओर छोटे वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सीएच एरिया–सर्किट हाउस
सर्किट हाउस गोलचक्कर के पास किसी भी वाहन को पार्किंग की अनुमति नहीं है। श्रद्धालुओं के लिए लोयला स्कूल मैदान और सीएच एरिया रोड नं. 2 पर पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।
विशेष प्रावधान और दंड
पूजा के दौरान बिजली विभाग, अग्निशमन, रेड क्रॉस, प्रशासनिक वाहनों को छूट दी गई है। वहीं, चिन्हित पार्किंग स्थल को छोड़कर अन्य स्थानों पर वाहन खड़े करने पर जुर्माना वसूला जाएगा।
जिला प्रशासन ने अपील की है कि श्रद्धालु ट्रैफिक प्लान का पालन करें, ताकि पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

