
उदित वाणी चांडिल: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के चिलगु मोड़ पर सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चिलगु निवासी जितेन दास की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वह एक भारी वाहन की चपेट में आ गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है.
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी हरेलाल महतो मृतक के घर पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. साथ ही पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई. इस दौरान चिलगु मोड़ पर चल रहे पुल निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर भी चिंता जताई गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल निर्माण के कारण नेशनल हाईवे का एक हिस्सा सिंगल लाइन में संचालित हो रहा है, जिससे आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति उत्पन्न हो रही है.
लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में हो रही देरी आम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन एवं एनएचएआई से पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है. उनका कहना है कि जब तक सड़क को पूरी तरह सुगम और सुरक्षित नहीं बनाया जाएगा, तब तक दुर्घटनाओं का खतरा बना रहेगा. ग्रामीणों ने मृतक जितेन दास के परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा देने की भी मांग की है. वहीं क्षेत्र के लोगों ने इस हादसे को सड़क सुरक्षा और अधूरे निर्माण कार्यों से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई है.

