उदित वाणी जमशेदपुर: जनगणना-2027 के तहत निर्धारित मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्यक्रम के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा उपायुक्त आवास पर जनगणना संबंधी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। अधिसूचित प्रगणक एवं सुपरवाइजर ने स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) आईडी की सहायता से आवश्यक आंकड़ों का संकलन किया और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सत्यापन किया।
इस दौरान जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन से जनगणना के लिए आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई। अधिकारियों ने मकान सूचीकरण एवं गणना से जुड़े सभी बिंदुओं का विधिवत रिकॉर्ड तैयार किया।
उपायुक्त राजीव रंजन ने जिलेवासियों से जनगणना-2027 में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक जनगणना कार्य के दौरान सही, पूर्ण एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि तैयार होने वाले आंकड़े सटीक और विश्वसनीय हों।
उन्होंने बताया कि जनगणना के आंकड़े सरकार की विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के बेहतर वितरण तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग जनगणना की सफलता के लिए आवश्यक है।


