उदित वाणी,जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब प्रकाश नगर निवासी एक युवक पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए सड़क पर धरने पर बैठ गया। युवक के विरोध प्रदर्शन को देखकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इससे टेल्को प्लाजा रोड पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रदर्शन कर रहे संतोष सिंह ने आरोप लगाया कि बुधवार देर रात वह टेल्को प्लाजा इलाके से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस टीम ने उसकी बाइक रोक ली। पुलिस ने बाइक के पीछे नंबर प्लेट नहीं होने की बात कहते हुए वाहन को जब्त कर थाने भेज दिया। संतोष का कहना है कि उसके पास बाइक के सभी वैध दस्तावेज मौजूद थे, इसके बावजूद वाहन जब्त कर लिया गया।
युवक ने आरोप लगाया कि बाद में बाइक छोड़ने के बदले उससे 10 हजार रुपये की मांग की गई। रुपये नहीं देने पर वाहन वापस करने में टालमटोल की जा रही थी। इसी से नाराज होकर वह गुरुवार सुबह बाइक के कागजात लेकर सड़क पर बैठ गया और विरोध जताने लगा।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग भी वहां पहुंच गए, जिससे माहौल गरमा गया। सूचना मिलने पर टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से बातचीत कर उसे शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। आश्वासन मिलने के बाद युवक ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया, जिसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।


