
उदित वाणी, हजारीबाग: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाए गए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का विरोध करना विपक्ष का एक जघन्य राजनीतिक अपराध है. हजारीबाग के फ्लोरिस्टा होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास ही अच्छे कामों में षड्यंत्र रचने का रहा है.
रांची में 25 अप्रैल को होगा शक्ति प्रदर्शन
आदित्य साहू ने घोषणा की कि विपक्ष के इस “राजनीतिक पाप” का पर्दाफाश करने के लिए 25 अप्रैल को राजधानी रांची के मोराबादी मैदान से एक विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी. इसमें हजारों की संख्या में महिलाएं शामिल होंगी. इसके अलावा, 25 से 30 अप्रैल तक राज्य के सभी 595 मंडलों में पदयात्रा आयोजित कर कांग्रेस, झामुमो और राजद का पुतला दहन किया जाएगा. महिलाएं अब गांव-गांव जाकर विपक्षी दलों के चरित्र को उजागर करेंगी.
“विरासत की राजनीति और संकीर्ण मानसिकता”
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव ने कहा कि कांग्रेस के लिए महिला सशक्तिकरण के मायने केवल सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी तक सीमित हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष को विरासत में सत्ता मिली है, वे ग्रास रूट की महिलाओं का दर्द नहीं समझते. डॉ. यादव ने सभी दलों की महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपनी राजनीतिक हकमारी के लिए एकजुट होकर विपक्ष को सबक सिखाएं. उन्होंने बिल पारित न होने पर विपक्ष द्वारा “जश्न” मनाने को शर्मनाक बताया.
झारखंड में महिला सुरक्षा पर उठाए सवाल
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि पिछले 6 वर्षों में झारखंड में 10,000 से अधिक दुष्कर्म की घटनाएं हुई हैं. उन्होंने विष्णुगढ़ मामले और मेडिकल छात्रा के साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार सच को दबाने की कोशिश कर रही है. भाजपा आज भी इन मामलों की सीबीआई (CBI) जांच की मांग पर अटल है ताकि बेटियों को न्याय मिल सके. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार झारखंड के पैसे को दूसरे राज्यों के चुनाव में बहा रही है, जबकि यहाँ विकास ठप्प है.
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस प्रेस वार्ता के दौरान विधायक प्रदीप प्रसाद, हजारीबाग जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष रेणुका साहू, महिला मोर्चा अध्यक्ष मनोरमा राणा, रत्ना सिन्हा, मंजू नंदिनी और पूनम चौधरी सहित कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे.

