
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। यह घटना जोन नंबर तीन स्थित हरि मंदिर के पास रहने वाले सुरेश गोप के घर में हुई, जहां से चोर करीब 75 हजार रुपये नकद और लगभग 2 लाख रुपये के गहने लेकर फरार हो गए। घटना मंगलवार तड़के की बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। इस संबंध में पीड़ित सुरेश गोप ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़ित के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य रात करीब 10 बजे सो गए थे। रात करीब 1:30 बजे उनकी पत्नी की अचानक नींद खुली तो उन्होंने अलमारी का ताला टूटा हुआ पाया। अलमारी में रखे नगद और जेवर गायब थे। इसके बाद उन्होंने घर के अन्य सदस्यों को जगाया और चोरी की जानकारी दी।
सुरेश गोप ने आशंका जताई है कि चोरों ने घर में घुसने के बाद किसी प्रकार का स्प्रे का इस्तेमाल किया होगा, जिससे सभी गहरी नींद में सोते रहे और उन्हें किसी प्रकार की आहट तक नहीं मिली। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
