
उदित वाणी, जमुई : बिहार के जमुई जिले के खैरा बाजार में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार गिट्टी लदे हाईवा ट्रक ने कोचिंग जा रही एक छात्रा मुस्कान कुमारी को रौंद दिया। दर्दनाक हादसे में मुस्कान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पंच मंदिर के समीप हुआ, जब मुस्कान साइकिल से कोचिंग जाने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुई।
मुस्कान की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश भड़क उठा। गुस्साई भीड़ ने हादसे में शामिल हाईवा पर जमकर तोड़फोड़ की और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन हालात बिगड़ते चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाराज़ भीड़ ने पुलिस और थाना परिसर पर पथराव कर दिया, जिस पर स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
इस घटना के बाद मुस्कान के परिवार में गहरा शोक छा गया है। छात्रा मुस्कान पढ़ाई में मेधावी थी और घर के कामों में अपनी मां का भी सहयोग करती थी। पूरे गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल खैरा बाजार में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है एवं स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। समाज में तेज रफ्तार भारी वाहनों के संचालन और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठे हैं। प्रशासनिक कार्रवाई और मुस्कान को न्याय दिलाने को लेकर लोगों की निगाहें टिक गई हैं।
