
उदित वाणी, आदित्यपुर : दशहरा के दौरान गत वर्ष पेट्रोल पंप पर हुई जानलेवा हमला और मारपीट की घटना के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को आदित्यपुर पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है, जिन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में जेएमटी बस्ती निवासी पिंटू कुमार और रोहन गुप्ता का नाम शामिल है.
जानकारी के अनुसार, दशहरा के समय पेट्रोल पंप पर हुई हिंसक मारपीट की घटना के बाद से दोनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे. इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. पुलिस के द्वारा उक्त कार्रवाई आदित्यपुर थाना कांड संख्या-287/25, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा_109, 307 समेत अन्य धाराओं के तहत दर्ज मामले में की गई है.
घटना के बाद से पुलिस दोनों फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी. पुलिस सूत्रों ने बताया कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

