
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिख पंथ के विश्व प्रसिद्ध गुरमत प्रचारक भाई रंजीत सिंह ढडरियां वाले ने आगामी 2027 के जनवरी अथवा फरवरी माह में जमशेदपुर में संगत के बीच गुरमत समागम आयोजित करने का विश्वास दिलाया है। इस संबंध में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के प्रधान भगवान सिंह ने पंजाब प्रवास के दौरान उनसे विशेष भेंट की।
बैठक में भगवान सिंह ने जमशेदपुर की समस्त नानक नाम लेवा संगत की भावनाओं से भाई रंजीत सिंह को अवगत कराया और समागम आयोजित करने की अपील की। भाई रंजीत सिंह ने विनम्रता के साथ इसे स्वीकार करते हुए आश्वस्त किया कि जमशेदपुर की संगत को निराश नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अपने सहयोगियों से तत्काल इस विषय में कार्यक्रम दर्ज करवा दिया और भविष्य में समागम की तिथि तय होते ही दो महीने पहले सीजीपीसी को सूचना देने का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि भाई रंजीत सिंह ढडरियां वाले वर्षों से देश-विदेश में गुरवाणी, युवाओं को नशे और अंधविश्वास से दूर रहने तथा गुरु साहिबानों की शिक्षाओं को अपनाने का संदेश देते आ रहे हैं।
उनके समागमों में बड़ी संख्या में संगत भाग लेती है, विशेषकर युवा वर्ग उनके विचारों से प्रेरित होता है। सीजीपीसी प्रधान भगवान सिंह ने इस मुलाकात को उत्साहजनक बताते हुए उम्मीद जताई कि आगामी वर्षों में जमशेदपुर की संगत को भी भाई रंजीत सिंह के विचार सुनने का अवसर मिलेगा।
