
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो ने कल संसद के विशेष सत्र के बाद रेलवे के कार्यपालक निदेशक (जन शिकायत) विकास जैन से मुलाकात की। इस बैठक में टाटानगर और जमशेदपुर क्षेत्र से संबंधित महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। श्री जैन ने जानकारी दी कि रेल मंत्री के निर्देशानुसार क्षेत्र में रेल मार्गों के विकास का कार्य तीव्र गति से चल रहा है।
बैठक के दौरान श्री जैन ने रेल मंत्री द्वारा सांसद को लिखे गए पत्र का उल्लेख करते हुए बताया कि पांड्रासाली एवं कांड्रा के बीच चौथी एवं पांचवीं रेलवे लाइन के निर्माण तथा टाटानगर के समीप एक सैटेलाइट स्टेशन के विकास हेतु ‘फाइनल लोकेशन सर्वे’ को स्वीकृति दे दी गई है। इससे भविष्य में ट्रेनों के परिचालन में काफी सुगमता आएगी।
टाटा से जयपुर के लिए सीधी रेल सेवा पर चर्चा के दौरान श्री जैन ने बताया कि रेल मंत्री ने इस रूट को और छोटा (शॉर्ट रूट) करने का सुझाव दिया है ताकि यात्रियों का समय बच सके। इसके अतिरिक्त, टाटा से बेंगलुरु के लिए एक नई ट्रेन सेवा (खड़गपुर-भुवनेश्वर-आंध्र प्रदेश-काटपाडी होते हुए) चलाने की संभावना पर भी रेल प्रशासन गंभीरता से विचार कर रहा है।
सांसद ने अंत्योदय एक्सप्रेस में सामान्य श्रेणी के साथ-साथ आरक्षित श्रेणी के कोच लगाने की मांग दोहराई ताकि इसका परिचालन लाभदायक हो सके। मुलाकात के बाद सांसद बिद्युत बरण महतो ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि निकट भविष्य में टाटानगर रेलवे स्टेशन और यात्री सुविधाओं में बड़े सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेंगे।

