
उदित वाणी, जमशेदपुर : न्यायालय के आदेशों की लगातार अनदेखी कर रही मां-बेटी के खिलाफ पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। बड़सोल थाना पुलिस ने रविवार को छोटा पारुलिया गांव पहुंचकर फरार आरोपी शिला महापात्र और उनकी बेटी शुभाषिनी महापात्र के घर पर अदालत द्वारा जारी इश्तिहार चस्पा किया तथा ग्रामीणों की मौजूदगी में मुनादी कराई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, केस संख्या 35/13 में दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले ही वारंट जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद वे लंबे समय से न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रही थीं। अदालत के निर्देश पर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए उनके घर पर इश्तिहार तामील किया और आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोनों आरोपियों को 20 जून तक न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का अंतिम अवसर दिया गया है। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर वे अदालत में उपस्थित नहीं होती हैं, तो उनके खिलाफ और कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि न्यायालय के आदेश की अवहेलना जारी रहने की स्थिति में आरोपियों की संपत्ति की कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है। इसके लिए संबंधित कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
ग्रामीणों के बीच की गई इस कार्रवाई को फरार आरोपियों पर दबाव बनाने और उन्हें कानून के दायरे में लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

