
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.)ः सालडीह बस्ती, आदित्यपुुर में विगत 3 अक्टूबर की रात को घटित पंकज माँझी हत्याकाँड के मामले में आदित्यपुर पुलिस ने सालडीह बस्ती निवासी स्व त्रिलोचन गोप के पुत्र किशन गोप उर्फ कृष्णा गोप तथा सालडीह बस्ती निवासी घना यादव के पुत्र चन्दन यादव उर्फ चंदू यादव को रिमाँड पर लिया है. रिमाँड पर लिए गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मैगजीन सहित 1 लोडेड पिस्टल, 2 जिन्दा गोली तथा खून लगा 1 चाकू भी बरामद किया है. वहीं, एक अन्य आरोपी सागर गोप उर्फ तुरा अभी भी फरार चल रहा है. उल्लेखनीय है कि पंकज माँझी की विगत 3 अक्टूबर की रात्रि में उसके साथियों ने पीछे से कुदाल से प्रहार कर तथा सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस संबंध में मृतक की माँ सुलेखा देवी के बयान पर आदित्यपुर थाना कांड संख्या-372/2024, दिनांक 04.10.2024, धारा-103(1)/3(5) बीएनएस-2023 एवं 27आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है. थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि हत्याकाँड के उदभेदन के क्रम में गठित पुलिस टीम के द्वारा लगातार विभिन्न स्थानों पर छापामारी की जा रही थी. पुलिसिया दबाव बढ़ने के बाद दोनों आरोपियों ने मंगलवार को सरायकेला न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. उसके बाद आदित्यपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को 48 घंटे की रिमाँड पर लेकर आ गई, रिमाँड अवधि पूर्ण होने के बाद दोनों आरोपियों को आज न्यायालय में उपस्थापित कराया गया है. छापामारी टीम में आदित्यपुर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक धीरंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह, टाईगर मोबाईल के जवान नीतिश कुमार पाँडेय और राघवेन्द्र कुमार सिंह शामिल थे

