ट्यूब मेकर्स क्लब के कर्मियों को भी 20 फीसदी बोनस
उदित वाणी, जमशेदपुर: ट्यूब मेकर्स क्लब के कर्मियों को 20 फीसदी बोनस मिलेगा. इसे लेकर बुधवार देर शाम क्लब प्रबंधन और द कैंटीन, होटल एंड रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन के बीच समझौता हो गया.
यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में क्लब के इनपुट खर्च बढ़ने के बावजूद प्रबंधन ने 20 फीसदी बोनस देने का फैसला किया है क्योंकि कर्मियों ने इस दौरान बेहतरीन काम कर क्लब के राजस्व को बढ़ाने में अहम योगदान निभाया. इस समझौते का लाभ क्लब के 53 कर्मियों को मिलेगा.
बोनस की अधिकतम राशि 54627 रूपए और न्यूनतम राशि 31755 रूपए होगी. बोनस की राशि कर्मचारियों के खाते में इस माह के अंतिम सप्ताह में चली जाएगी. बोनस समझौते पर हस्ताक्षर क्लब के प्रेसीडेन्ट संजय साहनी, वाइस प्रेसीडेन्ट पियुष कुमार, सेक्रेटरी दिनकर आनंद, सदस्य ऋचा केडिया जबकि यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, बीके डिंडा, ददन सिंह और पलक मैती ने किया.


