उदित वाणी, आदित्यपुर: पार्षद नीतू शर्मा ने आज राज्य के पूर्व मुख्य मंत्री सह विधायक चम्पाई सोरेन से उनके जिलिंगगोड़ा स्थित आवास पर मुलाकात की तथा उन्हें वॉर्ड संख्या-17 स्थित प्रभात पॉर्क के आसपास की कथित अवैध गतिविधियों और बढ़ती आपराधिक घटनाओं से अवगत कराया. पार्षद शर्मा ने पूर्व मुख्य मंत्री को बताया कि प्रभात पॉर्क लोगों के घूमने-फिरने और मनोरंजन का प्रमुख स्थान है.
परन्तु पार्क के आस_पास कुछ दुकानदारों द्वारा अन्य व्यापारियों को डराने-धमकाने, अवैध रूप से पैसे की उगाही करने तथा नशीले पदार्थों की बिक्री करने की बात सामने आ रही है. उन्होंने बताया कि शाम होते हीं क्षेत्र में नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे स्थानीय लोगों और पार्क आने वाले परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. साथ हीं क्षेत्र में आए दिन मारपीट, चाकूबाजी तथा राहगीरों से मोबाइल छिनतई जैसी घटनाएं भी घटित होती रहती हैं.
इन परिस्थितियों को देखते हुए पॉर्क के आस-पास संचालित दुकानों को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाना चाहिए. पूर्व मुख्य मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पार्षद को आश्वस्त किया कि प्रभात पॉर्क क्षेत्र की जांच कराई जाएगी. जांच में अगर अनियमितता अथवा अवैध कब्जा पाया जाता है, तो नगर निगम के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकानों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि पॉर्क परिसर के आस_पास गंदगी, अवैध वसूली और कमीशनखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. और झूठ बोलकर लोगों से पैसे की उगाही करने वाले दुकानदारों तथा संबंधित संवेदकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.


