
उदित वाणी, रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक सशक्त बनाने के लिए कमर कस ली है. मंगलवार को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में झामुमो के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई. इस बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और आगामी जनगणना जैसे संवेदनशील मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई.
बूथ और पंचायत स्तर तक संगठन को धार देने का निर्देश
दो दिवसीय बैठक के पहले दिन 12 जिलों के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वर्तमान हालात में संगठन की जिम्मेदारी काफी बढ़ गई है. उन्होंने निर्देश दिया कि बूथ, पंचायत, वार्ड, प्रखंड और जिला स्तर पर पार्टी के ढांचे को और अधिक मजबूत बनाया जाए. साथ ही, उन्होंने नगर और महानगर कमेटियों को अधिक सक्रिय और धारदार बनाने पर बल दिया ताकि सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सकें.
जनगणना और सामाजिक प्रतिनिधित्व पर चर्चा
बैठक में प्रस्तावित जनगणना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से मंथन हुआ. झामुमो नेताओं ने स्पष्ट किया कि जनगणना केवल आंकड़ों का खेल नहीं है, बल्कि यह आदिवासी, मूलवासी, पिछड़ों और वंचितों के सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़ा मुद्दा है. पार्टी ने संकल्प लिया कि झारखंड के इन वर्गों की सही गणना सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है.
SIR पर भाजपा को घेरने की रणनीति
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर झामुमो ने तीखे तेवर दिखाए. पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा इस प्रक्रिया की आड़ में राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर सकती है. बैठक में यह तय किया गया कि SIR के नाम पर किसी भी जनता के लोकतांत्रिक अधिकार का हनन नहीं होने दिया जाएगा और भाजपा के किसी भी षड्यंत्र को सफल नहीं होने दिया जाएगा.
आगामी रणनीति और प्रशिक्षण
झामुमो ने आने वाले दिनों में कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण अभियान चलाने का निर्णय लिया है. इसके तहत कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची, जनगणना और अन्य तकनीकी मुद्दों पर प्रशिक्षित किया जाएगा. बैठक के पहले दिन साहेबगंज, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, देवघर, जामताड़ा, पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, गुमला, खुंटी और सिमडेगा के पदाधिकारी शामिल हुए. शेष 12 जिलों की बैठक गुरुवार को होगी.
प्रमुख उपस्थिति
बैठक का संचालन केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने किया. मंच पर राजमहल सांसद विजय हांसदा, महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू और केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा प्रमुख रूप से मौजूद रहे.

