
उदित वाणी, चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड सभागार में शुक्रवार को प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रखंड क्षेत्र में बढ़ती गर्मी के कारण उत्पन्न पेयजल संकट का त्वरित समाधान खोजना था। बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सहायक अभियंता और कनीय अभियंता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रमुख धनंजय करुणामय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रखंड क्षेत्र में जितने भी चापाकल और सोलर जलमीनार खराब पड़े हैं, उनका मरम्मतीकरण अविलंब सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि मरम्मत कार्य के दौरान आवश्यक पाइप और अन्य सामग्री विभाग द्वारा तुरंत उपलब्ध कराई जाए ताकि काम में कोई बाधा न आए।
प्रमुख के निर्देशों पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए सहायक अभियंता ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में पेयजल की समस्या को गंभीरता से लिया जा रहा है और शनिवार से ही चापाकल व जलमीनार की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में बीस सूत्री अध्यक्ष साहेबराम मांण्डी, शिवचरण हांसदा, बलराम महतो, बुबाई दास, कौशिक महतो और मिथुन कर सहित अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।

