
उदित वाणी झारखंड: झारखंड़ के बोकारो जिला के बालीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाइन होटल और जनरल स्टोर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बियर बरामद की है। देर रात हुई इस छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे फाटक के समीप स्थित एक लाइन होटल में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने बिना देर किए रेलवे फाटक के पास स्थित अमर लाइन होटल और उसके बगल में मौजूद सुमित्रा जनरल स्टोर पर एक साथ दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस को दोनों प्रतिष्ठानों से विभिन्न ब्रांडों की 264 बोतल अंग्रेजी शराब और 101 बोतल/केन बियर बरामद हुई। जब पुलिस ने शराब के संबंध में वैध दस्तावेजों की मांग की तो संचालक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अमर लाइन होटल के मैनेजर अविनाश सिंह और सुमित्रा जनरल स्टोर के मालिक सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध शराब का यह नेटवर्क कितने समय से संचालित हो रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है। इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

