
उदित वाणी, धनबाद : बीसीसीएल की केंदुआडीह कोलियरी से जहरीली गैस के रिसाव की घटना ने स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैला दिया. गुरुवार को राजपूत बस्ती के ग्रामीणों ने घटनास्थल के पास धनबाद-बोकारो-रांची मुख्य सड़क को जाम कर दिया. जाम के कारण आवागमन पूरी तरह ठप रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
ग्रामीणों का आरोप है कि मंगलवार रात हुए गैस रिसाव से कई लोग बीमार पड़े, जिनमें दर्जनों बेहोश हो गए और एक महिला की मौत हो गई. आक्रोशित लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. प्रभावितों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने, सभी प्रभावितों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने और सुरक्षित पुनर्वास की तत्काल व्यवस्था की मांग की है. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक प्रशासनिक और कंपनी स्तर पर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
सूचना मिलते ही धनबाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की. प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र की जांच के आदेश दिए हैं और बीसीसीएल अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की गई है.
यह घटना कोयला क्षेत्रों में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है और तत्काल सुधारात्मक कदमों की आवश्यकता को रेखांकित करती है.

