
उदित वाणी, आदित्यपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन के केन्द्रीय पदाधिकारियों की टीम ने आज गार्डेनरिच, कोलकात्ता में महाप्रबंधक कार्यालय में नवनियुक्त महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन से शिष्टाचार मुलाकात की तथा पुष्पगुच्छ भेंटकर और शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत और अभिनंदन किया.
इस दौरान यूनियन प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों के हितों और रेलवे की कार्यकुशलता को लेकर अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई. वहीं, महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने यूनियन के पदाधिकारियों को विश्वास दिलाया कि रेल प्रशासन और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर रेलवे के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा.
वहीं, यूनियन नेताओं ने उम्मीद जताया कि श्री जैन के कुशल नेतृत्व में रेल कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का त्वरित समाधान होगा और औद्योगिक संबंध और अधिक मजबूत होंगे. इस अवसर पर गौतम मुखर्जी, एम के सिंह, ए के सिंह, मुकेश सिंह आदि उपस्थित थे.

