
उदित वाणी, आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजय सरदार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने महापौर का पुष्प गुच्छ भेंट कर अभिवादन किया और क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं व मांगों पर चर्चा की।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने महापौर को एक औपचारिक मांग पत्र सौंपा। इस पत्र के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण की आवश्यकता पर बल दिया गया। झामुमो नेताओं ने महापौर को अवगत कराया कि प्रतिमा स्थल का चबूतरा वर्तमान में काफी जर्जर हो चुका है, जिसे शीघ्र बनवाना बेहद जरूरी है ताकि प्रतिमा स्थल की गरिमा बनी रहे।
इस अवसर पर मांग पत्र सौंपने वालों में झामुमो नगर अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान, उपाध्यक्ष लालबाबू सरदार, राजेश लाहा, सचिव कृष्ण चन्द्र महतो और भूँडू प्रधान मुख्य रूप से उपस्थित थे। महापौर संजय सरदार ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

