
उदित वाणी, आदित्यपुर : दुर्गा पूजा महोत्सव में लौहनगरी जमशेदपुर के सभी प्रमुख रास्ते आदित्यपुर की ओर मुड़े हुए हैं. और यहां दर्शकों की भारी भीड़ भी उमड़ी रही है. आदित्यपुर के प्रायः सभी प्रमुख रास्ते श्रद्धालुओं से भरे हुए दिखाई पड़ रहे हैं, जहां महिला, पुरुष और बच्चे दिखाई पड़ रहे हैं. और वे लोग गंतव्य की ओर बढ़े भी जा रहे हैं.

दर्शकों की पहली पसंद प्रवीण सेवा संस्थान के द्वारा एम टाईप मैदान में उदयपुर (राजस्थान) के राजमहल और वहां के ग्रामीण परिवेश की आकृति का पूजा पंडाल है. भीड़ की वजह पसे इस पूजा पंडाल तक पहुंचने के लिए दर्शकों को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है. वहीं, एस टाईप मैदान का पूजा पंडाल भी दर्शकों की पहली पसंद बना हुआ है.
यहां मायापुर (बंगाल) के इस्कॉन के मन्दिर की आकृति का पूजा पंडाल बनवाया गया है, जो कि दर्शकों को स्वतः अपनी ओर आकर्षित कर रहा है. रात्रि बेला में विद्युत साज सज्जा से सुसज्जित इस पूजा पंडाल की सुंदरता देखते हीं बन रही है. वहीं, आदित्यपुर के अन्य स्थानों के पूजा पंडाल तक भी श्रद्धालुओं की नियमित आवाजाही लगी हुई है.

