
मुख्यालय के आश्वासन के बाद भी नहीं हुआ भुगतान
हड़ताल पर गए सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें मार्च माह का वेतन अब तक नहीं मिला है। कर्मियों के अनुसार, हैदराबाद स्थित कंपनी के मुख्यालय द्वारा बीते शुक्रवार को ही भुगतान जारी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन बैंक खातों में राशि नहीं पहुंचने के कारण कर्मचारियों का धैर्य जवाब दे गया। कर्मियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनके बकाया वेतन का पूर्ण भुगतान नहीं हो जाता, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।
सड़कों पर गंदगी का अंबार, महामारी की आशंका
हड़ताल का असर अब सड़कों पर दिखने लगा है। नगर निगम की गलियों और मुख्य सड़कों के किनारे कचरे का अंबार लगना शुरू हो गया है। भीषण गर्मी के बीच जमा यह कचरा न केवल दुर्गंध फैला रहा है, बल्कि क्षेत्र में महामारी और संक्रमण का खतरा भी बढ़ा रहा है। विभिन्न वार्डों में स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है।
एजेंसी और निगम के बीच फंसा मामला
कचरा उठाव बाधित होने से शहर की स्वच्छता रैंकिंग और आम जनजीवन पर बुरा असर पड़ रहा है। सफाई कर्मियों की इस बेमियादी हड़ताल ने निगम प्रशासन के स्वच्छता दावों की पोल खोल दी है। अब देखना यह है कि कंपनी और निगम प्रशासन मिलकर इस गतिरोध को कब तक दूर कर पाते हैं।

