
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के धोबी मोड़ के पास मंगलवार शाम करीब सवा चार बजे उस समय अफरातफरी मच गई, जब दो बाइकों पर सवार चार किशोरों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई. चंद मिनटों में ही शांत इलाका चीख-पुकार और भगदड़ में बदल गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक बाइक पर सवार दो किशोरों ने दूसरी बाइक पर जा रहे दो युवकों को निशाना बनाते हुए अचानक हमला कर दिया. हमले की अचानकता से घबराकर दूसरी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गई. जान बचाने के लिए दोनों किशोर वहां से भागने लगे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा कर उन्हें घेर लिया.
बताया जा रहा है कि हमलावरों के हाथ में चापड़ था, जिससे उन्होंने ताबड़तोड़ वार किए. इस हमले में एक किशोर की पीठ पर गंभीर चोट आई, जबकि दूसरे के कान के पास गहरा जख्म हो गया. बीच सड़क पर इस तरह की वारदात से राहगीरों में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना में शामिल सभी युवक नाबालिग लग रहे थे. प्रारंभिक जांच में मामला किसी लड़की से जुड़े विवाद का सामने आ रहा है. जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव चल रहा था, जो मंगलवार को हिंसक रूप ले बैठा.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है. इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है.

