
उदित वाणी, जमशेदपुर : ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान को कार से कुचलने की कोशिश के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. इस सनसनीखेज कांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश अभी भी जारी है. घटना 3 जनवरी की मध्यरात्रि की है, जब कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत टोल ब्रिज गोलचक्कर के पास ड्यूटी पर तैनात जवान हीरालाल महतो पर अपराधियों ने जानलेवा हमला किया था.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जवान हीरालाल महतो नियमित ड्यूटी पर तैनात थे, उसी दौरान अपराधियों ने साजिश के तहत तेज रफ्तार कार से उन्हें कुचलने का प्रयास किया. इस हमले में जवान गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया. लगातार छानबीन और सटीक इनपुट के बाद पुलिस ने इस कांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमनदीप सिंह, अंकित मुखी और आदित्य मुखी के रूप में हुई है. तीनों आरोपी पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत जमशेदपुर के निवासी हैं. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की मारुति सुजुकी डिज़ायर कार को भी जब्त कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. आरोपियों ने बताया कि वे पुलिस से नाराज थे और इसी नाराजगी के चलते उन्होंने मिलकर योजना बनाकर जवान की हत्या करने का प्रयास किया. पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

