
उदित वाणी, जमशेदपुर : ओलीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया. मंगलवार (14 अप्रैल 2026) की देर रात गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो शातिर अपराधियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस को सूचना मिली थी कि वसुंधरा स्टेट, रिपीट कॉलोनी स्थित मैदान में कुछ अपराधी एकत्र होकर गंभीर वारदात की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर डीएसपी पटमदा बचनदेव कुजूर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की और मौके से अभियांशु मिश्रा उर्फ साजन मिश्रा तथा मो. इरशाद उर्फ केंचू को दबोच लिया.

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्तौल, एक देशी रिवॉल्वर, 7.65 एमएम की तीन जिंदा गोलियां और एक स्कूटी बरामद की. पुलिस के अनुसार, अभियांशु मिश्रा का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर है और उस पर हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट समेत दर्जनों मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं.
वहीं, मो. इरशाद भी पूर्व में नशे के कारोबार के आरोप में जेल जा चुका है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और इस साजिश से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है.

